10 करोड रुपए का गांजा के साथ 50 लाख रुपए का ट्रक जप्त 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
बलरामपुर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ का गांजा और 50 लाख का ट्रक जब्त
[img-slider id="274450"]
दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, मुख्य सरगना भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
बलरामपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस और जिले में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसंतपुर पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई के दौरान करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का 1941.110 किलोग्राम गांजा तथा घटना में प्रयुक्त लगभग 50 लाख रुपये कीमत का 16 चक्का टाटा ट्रक जब्त किया है। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग साढ़े 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे गांजे की बड़ी खेप को बसंतपुर थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। ट्रक क्रमांक RJ 14 GU 9078 की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखे गए 62 पैकेटों से कुल 1941 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश शर्मा (46 वर्ष), निवासी जरोधापाड़ा, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा आमिष अंसारी (23 वर्ष), निवासी बड़ीकला, थाना छापर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन में जिले में लगातार मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में 11-12 जून की दरमियानी रात थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेंद्र सोनी को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूचना मिली कि गांजा तस्करी से जुड़ा आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई और बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 93/2026, धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहले भी पकड़ी गई थी गांजे की बड़ी खेप
पुलिस के अनुसार आरोपी लोकेश शर्मा पूर्व में भी थाना बसंतपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 228/2025 में मुख्य आरोपी है। दिसंबर 2025 में बसंतपुर पुलिस ने एक टाटा ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। उस मामले में जब्त वाहन भी लोकेश शर्मा के नाम पर पंजीकृत था। वर्तमान में पकड़ा गया ट्रक भी उसी के नाम पर दर्ज है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि लोकेश शर्मा उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश तक गांजा तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था और लंबे समय से पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था। पुलिस अधीक्षक स्वयं मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक जितेंद्र सोनी, प्रधान आरक्षक हरिप्रसाद, उप निरीक्षक मनीष साहू, सहायक उप निरीक्षक धनसिंह सांडिल्य, साइबर सेल तथा थाना बसंतपुर के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




