
104 प्रधानमंत्री आवास एक सप्ताह में शुरू कराने के निर्देश, निगम आयुक्त ने की समीक्षा
रायगढ़ नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अप्रारंभ आवासों को लेकर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
340 आवास स्वीकृत, 104 का काम शुरू नहीं
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल 340 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
इनमें कई आवास विभिन्न निर्माण चरणों में हैं, जबकि 104 आवास ऐसे पाए गए जिनका निर्माण कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है।
लापरवाही पर जताई नाराजगी
निगम आयुक्त ने अप्रारंभ आवासों को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को हितग्राहियों से संपर्क कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
घर-घर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर निरीक्षण करें और हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराएं।
उन्होंने कहा कि योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर
बैठक में जियोटैग किए गए आवासों के लंबित भुगतान को जल्द जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने कहा कि समय पर भुगतान होने से हितग्राहियों को राहत मिलेगी और निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
समीक्षा बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े अधिकारी, सीएलटीसी और पीएमसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


