11वें आयुर्वेद दिवस पर बेमेतरा में जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

बेमेतरा। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. वीणा मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

जिला मुख्यालय स्थित राम मंदिर, रामरसोई परिसर में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुर्वेद के महत्व पर लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में कुल 249 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर में डॉ. प्रकाश चंद्र प्रसाद, डॉ. सरोज तिवारी, डॉ. चिरंजीवी एवं डॉ. प्रतीक्षा कौशल द्वारा चिकित्सीय परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया।

इसी क्रम में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा में वृक्षारोपण, संगोष्ठी, प्रदर्शनी एवं योग सत्र का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में लगभग 20 औषधीय पौधों का रोपण किया गया। आयोजित संगोष्ठी में डॉ. सतीश देवांगन एवं डॉ. विकास जैन ने आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली विषय पर व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, डॉ. स्वाति शर्मा एवं डॉ. ममता गावरे द्वारा मिलेट्स (मोटा अनाज) की प्रदर्शनी एवं आकर्षक रंगोली बनाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलेट्स के पोषण महत्व एवं दैनिक आहार में इसके उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

डॉ. भूमिका साहू द्वारा छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया गया और योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए गए।

महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वीणा त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को आयुर्वेद, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों में आयुर्वेद, योग, पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।

Back to top button