इंदौर। मध्य प्रदेश में एक तरफ जहां ऑक्सीजन की किल्लतों से हाहाकार मचा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ इंदौर के एक बुजुर्ग ग्रामीण ने पीपल के पेड़ पर ही अपना डेरा डाल दिया है. ये बुजुर्ग प्राणवायु ऑक्सीजन के जरिए जिंदगी बचाए रखने की अनूठी सीख दे रहे हैं.
बुजुर्ग रंगवासा के रहने वाले 68 वर्षीय राजेंद्र पाटीदार हैं. ये रोजाना शुद्ध ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए पीपल के पेड़ पर ही अपना डेरा जमाकर बैठते है. लिहाजा उन्हें जब भी मौका मिलता है वे शरीर को स्वस्थ रखने और ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए पीपल के पेड़ पर चढ़ जाते हैं. इसके लिए उन्होंने पेड़ पर एक कुर्सी का मचान बना रखा है. इतना ही नहीं राजेंद्र पीपल के पेड़ पर इतन फर्राटे से चढ़ते है कि देखने वाले अचंभित रह जाते हैं.
राजेंद्र पाटीदार ने बताया कि वे बिल्कुल स्वस्थ हैं, उन्हें कोई बीमारी नहीं है. उन्होंने ने इसकी वजह बताया कि शुद्ब ऑक्सीजन, पर्यावरण से प्रेम, कपालभाति, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम भी पेड़ के ऊपर ही कर लेते हैं. उनका कहना है कि जबसे ऑक्सीजन की किल्लत हुई है, तभी से वे पेड़ पर चढ़कर ऑक्सीजन ले रहे हैं.