11 साल की बच्ची के साथ स्कूल परिसर में यौन उत्पीड़न, पुलिस ने POCSO के तहत दर्ज किया मामला

Pune News: महाराष्ट्र के एक निजी स्कूल परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा 11 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किये जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर शिवाजीनगर इलाके की है.

शिवाजीनगर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील मोरे ने कहा, ‘‘एक अज्ञात व्यक्ति, लड़की को स्कूल परिसर के शौचालय में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया और फिर वह मौके से फरार हो गया. लड़की ने अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद स्कूल ने लड़की के माता-पिता को इस बारे में बताया.’’

वहीं पुलिस इंस्पेक्टर अनिता मोरे ने बताया, ”पुणे में 23 मार्च को अपने स्कूल के शौचालय में 11 वर्षीय छात्रा का यौन शोषण करने के बाद शिवाजीनगर थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 376 और POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। आगे की जांच जारी.”

अधिकारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button