13 साल के लड़के को मोबाइल पर चैटिंग की ऐसी लगी लत, छोड़ भागा घर

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बादलापुर में सोशल मैसेजिंग ऐप पर चैटिंग के लत की वजह से 13 साल का एक लड़का घर छोड़कर भाग गया। बाद में वह गोवा में पाया गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घर से भागने के तीन दिन बाद बच्चे को उसके अभिभावकों तक पहुंचा दिया गया है।

बदलापुर पूर्व पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर संदेश मोरे ने कहा, ”बच्चे ने 31 अक्टूबर को घर छोड़ दिया था। घर से निकलने से पहले उसने पैरेंट्स को बताया था कि वह एक साल दूर रहेगा।” उन्होंने बताया कि उसके पैरेंट्स ने पुलिस को शिकायत दी और अपहरण का केस दर्ज कराया गया था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ”जब हमने उसके दोस्तों से बात की तो पता चला कि वह डिसकॉर्ड मोबाइल ऐप पर दूसरे बच्चों से जुड़ा हुआ था और ग्रुप में घंटों तक चैट करता था।” उसके दोस्तों ने भी पुलिस को बताया कि चैट ग्रुप के मेंबर्स ने फैसला किया था कि जिंदगी में कुछ करने और खुद को साबित करने के लिए घर छोड़ना है।”

ठाणे पुलिस के साइबर सेल ने कहा कि लड़के के मोबाइल फोन के आईपी अड्रेस को ट्रेस करके पता लगाया गया कि वह गोवा में है। पुलिस अधिकारी ने कहा, ”गोवा के कलंगुट में पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और फिर परिवार से मिलाया गया। वह कोल्हापुर होते हुए पड़ोसी राज्य गया था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button