15 जुलाई को कांग्रेस करेगी मंत्री ओ.पी. चौधरी के निवास-कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन
रायगढ़। सामाजिक सुरक्षा सहायता राशि के अंतर्गत मिलने वाली वृद्धा पेंशन, निराश्रित पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन का पिछले 8-9 महीनों से भुगतान नहीं होने के कारण हजारों जरूरतमंद हितग्राही गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। जीवन के अंतिम पड़ाव में पहुंचे बुजुर्ग, पति को खो चुकी विधवाएं, दिव्यांगजन एवं निराश्रित नागरिक अपने जरुरी दवाईयों,इलाज व दैनिक जीवन-यापन के आवश्यक वस्तुओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, लेकिन भाजपा सरकार संवेदनहीन होकर मूकदर्शक बनी हुई है।
इस जनहित विषय के गंभीरता को ध्यान रखते हुए जिला कांग्रेस भवन में एक बैठक आहूत की गई जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सरकार आज समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद वर्ग का हक तक नहीं दिला पा रही है। जिस पेंशन के सहारे गरीब परिवार दवा, राशन और अन्य आवश्यक जरूरतें पूरी करते हैं, उसी राशि को महीनों तक रोककर सरकार ने गरीबों की पीड़ा बढ़ाने का काम किया है। यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि गरीब, बुजुर्ग और दिव्यांगों के अधिकारों के साथ खुला अन्याय है।
शाखा यादव ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर जिला कांग्रेस ने कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया और ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन सरकार और प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। जब लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई आवाज को लगातार अनसुना किया गया, तब कांग्रेस को जनहित में,पेंशन हितग्राहियों के अधिकार की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

इसी के विरोध में 15 जुलाई (बुधवार) को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के रायगढ़ स्थित निवास-कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किये जाने का निर्णय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। और कांग्रेस जनों ने कहा कि जिस जिले का प्रतिनिधित्व स्वयं प्रदेश का वित्त मंत्री करता हो, उसी जिले में हजारों गरीबों की पेंशन महीनों तक बंद रहना सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण है। सवाल ये है कि आखिर गरीबों का पैसा रोककर किसका खजाना भर रही है भाजपा सरकार?
कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सभी लंबित पेंशन राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र बनाया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी।
उक्त बैठक में मुख्य रुप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व विधायक प्रकाश नायक, वरिष्ठ कांग्रेसी हरेराम तिवारी,कन्हैया पटेल,विकास ठेठवार,संदीप अग्रवाल,वसीम खान,सत्यप्रकाश शर्मा,आशीष जायसवाल,महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान,मनीष देवांगन,अभिषेक शर्मा,दीपक सिंह,अजहर हुसैन,सोनू पुरोहित, कौशिक भौमिक,मोहम्मद अख्तर,जयप्रकाश साहू,दीपक बी सिंह,प्रदीप चौहान,गौरांग अधिकारी,आशीष यादव,साहनी यादव,बीनू बेगम,नारायण घोरे,तरुण गोयल,अनुराग गुप्ता,राकेश पांडेय,श्रीमती उमा साव,संयुक्ता सिंह राजपूत,रंजना पटेल,रिंकी पांडेय,आरिफ हुसैन,रवि पांडेय,फहद अली,एस एन भारद्वाज,मदन महंत,गुलशन साहू,वैभव चौबे,प्रमोद देवांगन,अरविंद कुम्हार,आशीष शर्मा,शेषचरण तिवारी,रमेश कुमार चौहान,रजत गोयल,आकाश समुंद्रे,अनमोल अग्रवाल,नयन पटेल,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।



