15 नवम्बर से शुरू होगी धान खरीदी, ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से होगा उपार्जन

रायपुर =छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर 2026 से शुरू होगी। राज्य सरकार इस वर्ष 27.50 लाख से अधिक किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदेगी।

किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। अब प्रदेश में कुल 3100 केंद्रों पर धान खरीदी होगी। पिछले वर्ष के सभी एग्रीस्टैक आईडी वाले पंजीकृत किसानों को अलग से पंजीयन कराने की जरूरत नहीं होगी और उन्हें ऋण पुस्तिका भी प्रस्तुत नहीं करनी पड़ेगी।

‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिलेगा टोकन – किसानों को लंबी कतारों से मुक्ति दिलाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप शुरू किया गया है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। 70% टोकन ऐप से और 30% समिति स्तर से जारी होंगे। इसमें लघु एवं सीमांत किसानों को 80% प्राथमिकता दी जाएगी।

अवैध आवक और पुनर्चक्रण रोकने के लिए ‘इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ का विस्तार किया जाएगा। प्रदेश में 273 चेक पोस्ट और 131 सीमावर्ती केंद्र चिन्हांकित किए गए हैं। चावल की हर बोरी पर क्यूआर कोड स्कैनिंग और वाहनों में लोकेशन ट्रैकिंग होगी।

राज्य सरकार ने कहा है कि इस बार खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह किसान-केंद्रित, पारदर्शी और तकनीक आधारित होगी।


Back to top button