16 जून से खुलेंगे स्कूल : जुलाई में ही सालभर का खाका बनाने और स्कूलों को कलरफुल बनाने के निर्देश

रायपुर। प्रदेश में 16 जून से सभी सरकारी स्कूल खुल जाएंगे। स्कूल खुलने से पहले रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों के प्राचार्यों और हेड मास्टर्स को एक निर्देश जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी एएन बंजारा ने खास तौर पर जोर दिया है कि बच्चों को पहले दिन से ही पढ़ाई पर फोकस करवाएं। उन्होंने निर्देश में यह भी कहा है कि जुलाई 31 तक इस बात का खाका तैयार करें कि पूरे साल किस तरह से बच्चों को सिखाया और पढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही DEO ने लिखा है कि पहले दिन से ही क्लास में थ्योरी और प्रैक्टिकल पर खास जोर देते हुए क्लास में कक्षाएं लगाई जाएं। इसके अलावा जन सहयोग से क्लासरूम को आकर्षक और कलरफुल बनाया जाएगा। उन्होंने संस्था के प्रमुखों से एक रोडमैप तैयार करने को कहा है। जिसमें टीचर यह बताएंगे कि बच्चों को क्या-क्या किस तरह से अभ्यास कराते हुए सिखाया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने साफ तौर पर स्कूलों को जिम्मेदारी दी है कि हर क्लास के बच्चे के सीखने और समझने की दक्षता को बढ़ाना लक्ष्य होगा। निशुल्क बांटे जाने वाली पाठ्य पुस्तकें और यूनिफॉर्म जैसी चीजें भी बच्चों के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गर्म पका हुआ मध्याह्न भोजन देने की बात भी कही गई है। एक और बात अपने खत में जिला शिक्षा अधिकारी ने कही है कि बच्चों को उनकी क्लास के अनुसार हिंदी और अंग्रेजी के साथ गणितीय कौशल सिखाने पर भी जोर देना होगा। इसके साथ-साथ बच्चों का मूल्यांकन यानी कि क्लास टेस्ट भी लेना होगा ताकि उन्हें और बेहतर करने में टीचर को जानकारी मिल सके।

[img-slider id="274450"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button