
24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; नगदी और मोबाइल जब्त
रायगढ़/खरसिया। खरसिया पुलिस ने लूट की एक वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम का शेष हिस्सा और घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरा निवासी संजय सिंह सिदार (30 वर्ष) ने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह शादी का कार्ड लेने और बैंक से पैसे निकालने के लिए खरसिया आया था। एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 35 हजार रुपये निकालने के बाद वह शराब भट्टी पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात एक युवक से हुई।
लिफ्ट मांगकर सुनसान जगह ले गए आरोपी
शिकायतकर्ता के अनुसार युवक ने उससे लिफ्ट मांगी और बंधवा तालाब की ओर चलने को कहा। वहां पहुंचने पर उसके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे। तीनों आरोपियों ने मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचे आरोपी
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस ने जांच शुरू की। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
शराब और मौज-मस्ती में उड़ाए पैसे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई रकम का अधिकांश हिस्सा शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2,500 रुपये नगद तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
तीनों आरोपी भेजे गए जेल
गिरफ्तार आरोपियों में छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान (22 वर्ष), द्वारिका चौहान (24 वर्ष) और राहुल सिदार (19 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लूट, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

