
US-Iran टकराव: IRGC ने ट्रंप को दी चेतावनी, कहा – ‘हम पर हमला तो अमेरिकी बेस तबाह’
तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुली चेतावनी दी है। IRGC ने कहा कि अगर खाड़ी क्षेत्र में उनके तेल टैंकर या व्यापारिक जहाजों पर हमला किया गया, तो ईरान मध्य-पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और युद्धपोतों पर भीषण कार्रवाई करेगा।
यह चेतावनी ओमान की खाड़ी में हालिया घटनाओं के बाद आई है, जहां अमेरिकी सेना ने दो ईरानी टैंकरों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। अमेरिका ने आरोप लगाया कि ये टैंकर उसकी ‘बंदरगाह घेराबंदी’ का उल्लंघन कर रहे थे। ईरानी सेना ने इसके जवाब में भी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें रात तक ईरान की ओर से शांति समझौते पर प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है। पाकिस्तान इस मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है, लेकिन तेहरान से अभी तक कोई आधिकारिक या सकारात्मक संकेत नहीं आया है।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी नेतृत्व की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ अमेरिका कूटनीति की बात करता है और दूसरी तरफ फारस की खाड़ी में संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। अराघची के अनुसार, अमेरिकी सेना की कार्रवाई ने कूटनीतिक प्रयासों में उनकी गंभीरता पर गहरा संदेह पैदा किया है।


