सक्ती: अंधे कत्ल का खुलासा, 4 लाख की सुपारी देकर कराई गई महिला की हत्या; 9 आरोपी गिरफ्तार
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से आरोपियों को दबोचा
सक्ती। सक्ती पुलिस ने बहुचर्चित महिला हत्या मामले का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या चार लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी। इस मामले में हत्या की साजिश रचने वाले दंपती समेत झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
26 जून को हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 26 जून को ग्राम जोंगरा निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से खुला पूरा राज
जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ की। साथ ही मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। जांच में पता चला कि मृतका का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर उसके परिवार में विवाद चल रहा था।
दंपती ने रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, मुरलीशंकर चौहान और उसकी पत्नी चम्पा चौहान ने कथित रूप से महिला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए राजेंद्र महंत से चार लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की गई। पुलिस का कहना है कि तय रकम में से दो लाख रुपये घटना के बाद आरोपियों को दिए भी गए।
तीन राज्यों से आरोपियों की गिरफ्तारी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र महंत को झारखंड के जमशेदपुर से तथा दो अन्य आरोपियों को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ में दबिश देकर शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

हथियार, बाइक और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक तथा नकदी बरामद की है। घटनास्थल से पिस्तौल के तीन खाली खोखे भी जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने सभी नौ आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।


