
30 दिन बाद दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, शासन के आश्वासन के बाद काम पर लौटे कर्मचारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों द्वारा पिछले एक माह से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। शासन स्तर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन को विराम देते हुए अपने कार्यस्थलों पर लौटने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 5 मई 2026 से आंदोलनरत थे। इस दौरान प्रदेशभर के कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए हड़ताल को लगातार जारी रखा। कर्मचारियों का कहना था कि उनकी लंबित मांगों के निराकरण के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं मिल सका था।
मंत्री स्तर पर हुई चर्चा
हाल ही में कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि मंत्री सहित विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। चर्चा के दौरान कर्मचारियों को उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
शासन और विभागीय अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया है।
इन मांगों को लेकर था आंदोलन
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पूर्व की व्यवस्था के अनुरूप श्रम सम्मान निधि की पुनर्बहाली, लंबित भुगतान का निराकरण तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा आकस्मिक परिस्थितियों में कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग भी उठाई गई थी।
हड़ताल खत्म नहीं, केवल स्थगित
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन को समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि शासन के आश्वासन को देखते हुए फिलहाल स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समय में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो भविष्य में फिर से आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है।
एकता को बताया सफलता का आधार
संघ पदाधिकारियों ने आंदोलन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों, श्रमिकों और उनके परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कर्मचारियों की एकता और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संगठित रहेंगे।


