31.80 लाख की डीलरशिप ठगी में फरार CEO नोएडा से गिरफ्तार, इलेक्ट्रिक स्कूटी और इलेक्ट्रॉनिक सामान के नाम पर धोखाधड़ी

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी और इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप देने के नाम पर 31.80 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने फरार कंपनी के सीईओ नंदकिशोर साहू (35) को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कंपनी ने डीलरशिप देने के बदले 100 प्रतिशत कैशबैक का लालच देकर कारोबारी से रकम जमा कराई थी। मामले में कंपनी के एमडी लोकेश द्विवेदी और सीएमडी पुरुषोत्तम साहू पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

डीलरशिप के नाम पर जमा कराए 31.80 लाख रुपये

मामले की शिकायत गुरुर क्षेत्र के भानपुरी निवासी मनीष कुमार साहू (27) ने 5 मई को सनौद थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, कंपनी के सीईओ नंदकिशोर साहू, एमडी लोकेश द्विवेदी और सीएमडी पुरुषोत्तम साहू ने उन्हें इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप देने का भरोसा दिलाया था।

कारोबारी ने 30 मई 2024 से अलग-अलग किस्तों में कंपनी के खातों में कुल 31.80 लाख रुपये जमा कराए। कंपनी की ओर से उन्हें डीलरशिप का प्रमाणपत्र भी दिया गया था।

11 इलेक्ट्रिक वाहन देने के बाद वापस ले लिए

डीलरशिप शुरू करने के लिए मनीष कुमार साहू ने ग्राम सनौद में किराए पर दुकान ली थी। शुरुआत में कंपनी ने उन्हें 11 इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए, लेकिन वाहनों की गुणवत्ता सही नहीं होने के कारण कंपनी ने सभी वाहन वापस ले लिए।

इसके बाद कंपनी की ओर से नए वाहन देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आरोप है कि वादा पूरा नहीं किया गया। कारोबारी ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो 6 सितंबर 2024 को कंपनी ने केवल 1.45 लाख रुपये लौटाए।

तीन चेक हुए बाउंस, फिर पुलिस में शिकायत

शिकायत के अनुसार, बाकी रकम लौटाने के लिए कंपनी की ओर से दिए गए तीन चेक बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कंपनी के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

एमडी और सीएमडी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में 19 सितंबर को कंपनी के एमडी लोकेश द्विवेदी, निवासी कटघोरा, जिला कोरबा और सीएमडी पुरुषोत्तम साहू, निवासी सारंगढ़ को गिरफ्तार किया था।

वहीं, सीईओ नंदकिशोर साहू लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। पुलिस ने तलाश के बाद उसे ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button