8 जुलाई को होगा डूमरतराई के आधुनिक थोक बाजार का लोकार्पण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर। रायपुर के डूमरतराई में विकसित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का लोकार्पण एवं नामकरण समारोह अब 8 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण कर इसे प्रदेशवासियों और व्यापारियों को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे।

यह समारोह पहले 5 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब इसका आयोजन 8 जुलाई को किया जाएगा।

36 एकड़ में विकसित आधुनिक व्यापारिक परिसर

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित डूमरतराई में करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस थोक बाजार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था, सुव्यवस्थित व्यापारिक ढांचा और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

दो चरणों में हुआ निर्माण

परियोजना के पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए। वहीं दूसरे चरण में करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न श्रेणियों की 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानें विकसित की गई हैं।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

इस आधुनिक थोक बाजार के शुरू होने से रायपुर सहित पूरे प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह परियोजना व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराएगी।

कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

लोकार्पण समारोह में वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का कहना है कि यह परियोजना प्रदेश में व्यापार, निवेश और आर्थिक विकास को नई दिशा देने के साथ रायपुर को एक आधुनिक व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Back to top button