केंद्र सरकार ने बताया, सरकारी विभागों में कितने लाख पद पड़े हैं खाली

केंद्रीय सरकारी विभागों में 8.72 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। यह जानकारी केंद्र सरकार ने गुरुवार को संसद में दी। केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि 1 मार्च 2020 तक केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 8 लाख 72 हजार से ज्यादा पद खाली है। एक प्रश्न के लिखित उत्तर में उन्होंने कहा, ‘1 मार्च 2019 तक 9,10,153 वैकेंसी और 1 मार्च 2018 तक 6,83,823 वैकेंसी थीं।

उन्होंने कहा कि 1 मार्च 2020 तक केंद्रीय सरकारी विभागों में 8,72,243 पद रिक्त हैं। तीन बड़ी भर्ती परीक्षा एजेंसियां रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) और संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा 2018-19 और 2020-21 के दौरान 2,65,468 भर्तियां की गई हैं।

नौकरियों को लेकर विपक्ष का सरकार पर हमला
राज्यसभा में विपक्ष ने बुधवार को सरकार पर कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी और कोविड के कारण उत्पन्न हालात से परेशान लोगों की मदद के लिए कोई भी ठोस उपाय नहीं करने का आरोप लगाया। चर्चा में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बढ़ती बेरोजगारी का जिक्र करते हुए कहा ”2014 में वादा किया गया था कि हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरियां दी जाएंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नौकरियां तो दी नहीं गईं, उल्टे बेरोजगारी ही तेजी से बढ़ी। आज करीब नौ लाख सरकारी पद खाली हैं। रेलवे में 15 प्रतिशत, रक्षा में 40 प्रतिशत पद खाली हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में भी रिक्तियां हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button