
लंदन: भोजन बचने के बाद उसे फ्रिज में रख देना सभी घरों में एक सामान्य आदत होती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर फ्रिज में लंबे समय तक खाना (Stale Food) रखा रहे तो उसका सेवन अस्पताल भी पहुंचा सकता है. ब्रिटेन में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. जिसमें फ्रिज में रखा बासी खाना खाने पर एक युवक के न केवल दोनों पैर काटने पड़ गए बल्कि हाथों की उंगलियां भी शरीर से अलग करनी पड़ीं.
बचे हुए भोजन को फ्रिज में रख दिया
इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन की रिपोर्ट के मुताबिक, जेसी नामक एक स्टूडेंट को किसी तरह की एलर्जी नहीं थी और न ही वह कभी शराब का सेवन करता था. हालांकि कभी-कभार वह सिगरेट और गांजा जरूर पी लेता था. जेसी का रूम मे एक रात पहले रेस्त्रां से नूडल्स और चिकन लेकर आया और भोजन करने के बाद बचा हुआ खाना फ्रिज में रख दिया.
अगले दिन रूममेट ने खाया बासी भोजन
अगले दिन जेसी ने उठकर फ्रिज में रखा हुआ वह भोजन (Stale Food) खा लिया. उस बासी भोजन को खाते ही जेसी को अचानक तेज बुखार आ गया और हार्ट बीट भी काफी बढ़ गई. रूम मेट ने एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसकी खराब हालत को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा. डॉक्टरों ने उसका चेकअप शुरू किया, तब तक उसकी स्किन बैंगनी रंग की हो चुकी थी.
डॉक्टरों को काटने पड़े दोनों पैर और उंगलियां
जांच में पता चला कि जेसी को बैक्टीरियल इंफेक्शन (Bacterial Infection) हुआ था. इसके चलते उसे सेप्सिस (Sepsis) बीमारी हो गई थी. इस बीमारी की वजह से उसकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया था और उसका खून भी जमने लगा था. उसके शरीर में सेप्सिस का इंफेक्शन तेजी से फैल रहा था. उसकी जान बचाने के लिए डॉक्टरों ने पहले उसके हाथों की उंगलियां और बाद में दोनों टांगें काट दी. करीब 26 दिनों तक बेहोश रहने के बाद उसे होश आया. तब तक वह सब कुछ गंवा चुका था.




