गोबर में भी झोल-झाल : चल रही है फर्जी खरीदी, घर में गाय नहीं पर गोबर लाखों का बेच रहे…पढ़िये पूरी खबर

कोंडागांव। कोंडागांव जिला मुख्यालय में सोमवार को भाजपा की पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने प्रेस कांफ्रेंस ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की गोबर खरीदी योजना पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पूर्व मंत्री उसेंडी ने कोंडागांव नगर पालिका में लाखों रुपए के गोबर खरीदी में फर्जी दस्तावेज मीडिया के समक्ष दिखा कर कहा कि जिनके पास गाय नहीं है, उनके नाम पर भी लाखों रुपए का चेक नगर पालिका ने जारी किया है। इसकी पड़ताल करने पर भ्रष्टाचार साफ नजर आ रहा है। भाजपा के सामाजिक न्याय पखवाड़ा के तहत लगातार पूर्व मंत्री उसेंडी जनता के बीच जाकर सभी योजनाओं के जमीनी स्तर पर जानकारी जुटा रही हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व विधायक मोहन मरकाम पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता गोबर और गौठान के नाम पर ठगे जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण, कुपोषण, बारदाना खरीदी, स्वसहायता समूह के कर्ज माफी जैसे तमाम मुद्दों पर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए उसेंडी ने कहा कि प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार पर आने वाले समय में भाजपा आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button