छत्तीसगढ़

50-50 फार्मूले से बदल जाएगा कांग्रेस का चुनावी चेहरा, छत्‍तीसगढ़ में 50 साल से कम उम्र के हैं करीब 25 विधायक

रायपुर। देश में कांग्रेस को मजबूत करने और जनता की आवाज बनाने के लिए उदयपुर में हुए नव संकल्प शिविर में टिकट बंटवारे के तय किए गए 50-50 के फार्मूले से कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग खुश है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से लेकर नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव तक में 50 वर्ष से कम उम्र वालों को 50 फीसद टिकट का वादा किया गया है। ऐसा करके कांग्रेस नेतृत्व के स्तर पर नई पीढ़ी तैयार करना चाहती है। प्रदेश की विधानसभा में वर्तमान में करीब 25 विधायकों की उम्र 50 वर्ष से कम है, वहीं कुल सीटें 90 हैं। ऐसे में अगर यह फार्मूला लागू होता है तो 50 वर्ष से कम उम्र वाले 45 लोगों को टिकट मिल जाएगी। वहीं, लोकसभा चुनाव में भी पांच टिकट देनी होगी। इसे कांग्रेस नेतृत्व बड़े बदलाव के रूप में देख रहा है।

देश में कांग्रेस सबसे मजबूत स्थिति छत्तीसगढ़ में है। यहां युवा विधायकों के रूप में कांग्रेस की दूसरी पंक्ति तैयार हो रही है। भिलाई से विधायक देवेंद्र यादव और खुज्जी विधायक छन्‍नी साहू अभी 35 वर्ष की उम्र सीमा को पार नहीं किया है। भूपेश बघेल सरकार में 50 वर्ष से कम उम्र के दो विधायकों उमेश पटेल और गुरु रुद्र को मंत्री बनाया गया है। सरगुजा संभाग से गुलाब कमरो, डा. विनय जायसवाल, अंबिका सिंहदेव, विनय भगत, बिलासपुर संभाग से प्रकाश नायक, उत्तरी जांगड़े, लालजीत राठिया, पुरुषोत्तम कंवर, शैलेष पांडेय और रामकुमार यादव अभी 50 वर्ष से कम उम्र के हैं। रायपुर संभाग में विकास उपाध्याय, विनोद चंद्राकर, शकुंतला साहू और चंद्रदेव राय इस श्रेणी में आते हैं।

दुर्ग संभाग में सबसे ज्यादा 50 से कम वाले विधायक

50 वर्ष से कम उम्र वाले सबसे ज्यादा विधायक दुर्ग संभाग में हैं। यहां संगीता सिन्हा, कुंवर निषाद, आशीष छाबड़ा, ममता चंद्राकर, यशोदा वर्मा और गुरुदयाल बंजारे इस श्रेणी में आते हैं। मंत्री रुद्र गुरु, देवेंद्र यादव व छन्न्ी साहू भी दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करते हैं। वहीं, बस्तर में संतराम नेताम, रजमन बेंजाम और विक्रम मंडावी युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

विधानसभा में सवाल पूछने में युवा विधायक आगे

विधानसभा में उपस्थिति के मामले में वरिष्ठ विधायकों की तुलना में युवा विधायक भले ही पीछे हैं, लेकिन सवाल पूछने में आगे हैं। कांग्रेस के पहली बार के विधायकों में शैलेष पांडेय ने 365, विनोद चंद्राकर ने 218, प्रकाश नायक ने 392 और संतराम नेताम ने 440 सवाल पूछे हैं। जबकि पहली बार विधायक बनने वाले ज्यादातरों के सवालों की संख्या 100 को भी पार नहीं कर पाई है। कई विधायक तो 50 सवाल भी नहीं पूछे हैं।

लोकसभा में दीपक बैज कर रहे प्रतिनिधित्व

लोकसभा में कांग्रेस के सिर्फ दो सांसद प्रदेश में हैं। कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत और बस्तर सांसद दीपक बैज वहां प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। दीपक युवा सांसद के रूप में जनता की आवाज हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के इस फार्मूले के लागू होने से पांच सीट पर 50 से कम उम्र के युवाओं को टिकट देना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button