
पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाओं ने रखा वट सावित्री व्रत
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
सुहाग की लंबी आयु व संतान सुख की प्राप्ति के लिए सोमवार को सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा अर्चना की। वट वृक्ष को जल, दूध, फूल, फल व पूजन सामग्री अर्पित किया। साथ ही परिक्रमा कर रक्षा सूत्र धागा वृक्ष में बांधा। वृक्ष के नीचे बैठ सावित्री और सत्यवान की कथा भी सुनी, फिर चना, शक्कर, पकवान, मिष्ठान प्रसाद के रूप में वितरण किया। सोमवार को सुबह लवन के तहसील चौक में दो अलग अलग जगहों में करीब 8 बजे से ही वट वृक्ष के नीचे सुहागिनों की भीड़ लगी रही।
मालूम हो कि वैश्विक महामारी कोविड 19 के दो वर्षां के बाद इस बार पूरे उत्साह के साथ महिलाएं वट सावित्री पूजा मना रही है। खासकर नवविवाहित महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया।
मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के साथ ही वट वृक्ष की विधि-विधान के साथ पूजा की। शाम को व्रत के समापन के बाद अन्न ग्रहण किया। वट-सावित्री पर्व के चलते अंचल भर के वट वृक्ष के पास में खासी रौनक रही।