
धान की MSP में 100 रुपए का और इजाफा, कांग्रेस ने कहा- भूपेश सरकार की तरह हिम्मत दिखाए केंद्र
रायपुर। केंद्र सरकार ने 17 फसलों के न्यूनतम मूल्य में इजाफा किया है। धान की कीमत में भी 100 रुपए का इजाफा किया है। केंद्र सरकार के समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने पर कांग्रेस नेता चंद्रशेखर शुक्ला ने कहा है कि केंद्र सरकार का प्रयास ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने कहा कि 2013 में धान का MSP 2100 करने का वादा किया गया था जो आज भी पूरा नहीं हो सका। केंद्र सरकार को कम से कम 300 रुपए धान की MSP बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इसका कोई असर नहीं होगा क्योंकि यहां कांग्रेस की सरकार है, केंद्र सरकार को भूपेश सरकार की तरह हिम्मत दिखानी चाहिए।
बता दें कि आज ही केंद्र सरकार ने धान सहित करीब 17 फसलों की एमएसपी में बढ़ोत्तरी की है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में खरीफ फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फसल वर्ष 2022-23 के लिए धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 100 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने बताया कि सूरजमुखी की एमएसपी पर सबसे अधिक वृद्धि की गई है। इसमें कुल 385 रुपए बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कपास मध्यम रेशा की एमएसपी में 354 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। सोयाबीन के समर्थन मूल्य में 350 रुपए की वृद्धि की गई है। उड़द, मूंगफली, अरहर की सपोर्ट प्राइज को प्रति क्विंटल 300 रुपए बढ़ाया गया है। मक्का की एमएसपी इस बार पिछले साल से 92 रुपए ज्यादा है। रागी पर 201 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। सामान्य धान और ग्रेड-ए धान पर 100 रुपए बढ़ गए हैं।