रेपिस्ट को किया बेनकाब, जनता ने अपना काम किया- अनिला:मंत्री बोलीं- नेताम ने नामांकन में दी थी गलत जानकारी, हमने केवल सच सामने लाया

छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने 21,171 वोटों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस की जीत के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया से खास बातचीत की।

मंत्री ने उपचुनाव में जीत का पूरा श्रेय क्षेत्र की जनता को दिया है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद की हार पर उन्होंने तंज भी कसा है। अनिला भेड़िया का कहना है कि ब्रह्मानंद ने नामांकन में गलत जानकारी दी। जनता से झूठ बोला। हमने रेप का मामला उजागर किया और जनता ने अपना काम किया है।

उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद एनएसयूआई ने ट्वीट कर भानुप्रतापुर की जनता का आभार जताया था। उन्होंने लिखा था कि ‘आप सबने मिलकर बुराई को भी हराया है। आगे लिखा था कि जब भाजपा बलात्कारी के साथ खड़ी थी, आपने सबके मुंह पर लोकतांत्रिक तमाचा मारा है।’

पढ़िए अनिला भेड़िया के साथ खास बातचीत

सवाल- उपचुनाव में कांग्रेस ने प्रचंड मतों से जीत दर्ज की है। इसे कैसे देख रहीं हैं आप?

जवाब- चाहे शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज या फिर अन्य किसी भी क्षेत्र में हो छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने बेहतर काम किए हैं। इसी का परिणाम है कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव में यहां की जनता ने कांग्रेस को भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया है। CG के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अंतिम व्यक्ति तक का विकास सोचते हैं। यह इसी का परिणाम है कि, जनता ने उपचुनाव में जिताया है।

सवाल- इस उपचुनाव में कांग्रेस की योजनाओं ने भाजपा को हराया है या फिर BJP प्रत्याशी पर जो रेप का केस चल रहा था वह उनकी हार की वजह बनी?

जवाब- भाजपा प्रत्याशी सरकार की योजनाओं के कारण हारे हैं। कांग्रेस का काम देख जनता ने वोट दिया है। योजना जन-जन तक पहुंची है। यही वजह है कि, चुनाव में प्रचंड मतों से सावित्री मंडावी जीती हैं।

सवाल- कांग्रेस ने ट्रंप कार्ड खेला और BJP प्रत्याशी ब्रह्मानंद का 3 साल पुराना मामला उजागर किया। क्या लगता है कांग्रेस का ट्रंप कार्ड कारगर साबित हुआ?

जवाब- यह व्यक्तिगत मामला है और लोगों की सोच भी व्यक्तिगत होती है। हम तो हमारी योजनाओं को लेकर ही लोगों तक पहुंचे थे। ब्रह्मानंद ने नामांकन फॉर्म में गलत जानकारी दी थी। उसको हम लोगों ने उजागर किया। बाकी जनता ने क्या सोचा या क्या नहीं यह नहीं मालूम। जनता का काम जनता का है। उन्होंने अपना काम कर दिया है। हमारी सरकार की योजना और मुख्यमंत्री की विकास की सोच को लेकर ही हमने चुनाव लड़ा था।

सवाल- यह जीत केवल उपचुनाव की जीत है या फिर 2023 के लिए आप लोगों ने बिगुल फूंक दिया है?

जवाब- बिल्कुल हमने बिगुल फूंक दिया है। लोगों को दिख रहा है कि मुख्यमंत्री की योजनाएं गरीब से लेकर व्यापारी तक पहुंच रही है। लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। आने वाले साल में भी कांग्रेस की सरकार आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button