नगरीय निकाय चुनाव से पहले रायगढ़ में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, जिला मुख्यालय और नगर पंचायतों में निकाला फ्लैग मार्च

रायगढ़, 08 फरवरी। नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर रायगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आगामी 11 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा जगाने के लिए पुलिस ने जिला मुख्यालय सहित सभी नगर पंचायत क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला।

जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
जिला मुख्यालय रायगढ़ में फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने किया। पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुए इस मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला, प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मेहर, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम सिंह समेत नगर निरीक्षक और थाना बल के जवान शामिल थे। पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल ने पूरे शहर में भ्रमण कर लोगों को आश्वस्त किया कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और किसी भी प्रकार के दबाव या डर में न आएं।

जिले के सभी नगर पंचायतों में सुरक्षा का संदेश
जिले के अन्य नगर पंचायत क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। घरघोड़ा नगर पंचायत में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम के नेतृत्व में डीएसपी सुशांतो बनर्जी और स्थानीय पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। वहीं, नगर पालिका खरसिया, नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर, धरमजयगढ़, लैलूंगा और पुसौर में एसडीओपी, एसडीएम और पुलिस बल की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया।

मतदाताओं को सुरक्षा का भरोसा, अराजक तत्वों को चेतावनी
पुलिस की इस सख्त उपस्थिति ने मतदाताओं को निडर होकर मतदान करने का संदेश दिया। साथ ही अराजक तत्वों के लिए कड़ा संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन की व्यापक रणनीति से जिले में सुरक्षा का माहौल और अधिक मजबूत हुआ है। पुलिस हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए है और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button