
भाजपा को जिला स्तर पर बढ़त, किरोड़ीमल नगर में कांग्रेस का पलड़ा भारी?
किरोड़ीमल नगर: उल्टी बयार या कांग्रेस की वापसी की आहट?
किरोड़ीमल नगर में नगर पंचायत चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। 15 फरवरी 2025 को आने वाले चुनाव परिणामों पर सभी की नजरें टिकी हैं। जिले में भारतीय जनता पार्टी की बढ़त की खबरों के बीच किरोड़ीमल नगर में उल्टी तस्वीर नजर आ रही है। यहां सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया, और खासतौर पर महिला मतदाताओं की भागीदारी कम रही। यह स्थिति तब है जब भाजपा की उम्मीदवार स्थानीय महिला प्रत्याशी सुनीता मोहन विश्वकर्मा हैं। इससे कई राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।
कांग्रेस में बड़ी संख्या में शामिल हुए भाजपा कार्यकर्ता
वहीं, जिले के अन्य हिस्सों में जहां कांग्रेस से भाजपा की ओर पलायन देखा गया, वहीं किरोड़ीमल नगर में विपरीत माहौल नजर आया। यहां भाजपा के तीन पार्षद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इससे भाजपा खेमे में चिंता की लहर है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता कम मतदान प्रतिशत को अपने पक्ष में मानते हुए सत्ता वापसी की उम्मीद जता रहे हैं।
भाजपा में अंदरूनी कलह से कांग्रेस को लाभ?
किरोड़ीमल नगर के बुद्धिजीवियों का मानना है कि भाजपा में आपसी गुटबाजी और तालमेल की कमी साफ झलक रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़े नेताओं से इस संबंध में शिकायत भी की है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने खरसिया विधायक और पूर्व मंत्री उमेश पटेल के मार्गदर्शन में रणनीतिक और संगठित चुनावी तैयारी की है।
सभी की नजरें 15 फरवरी के परिणामों पर
अब सभी की निगाहें 15 फरवरी को घोषित होने वाले नतीजों पर टिकी हैं। देखना होगा कि क्या भाजपा अपनी बढ़त बरकरार रखेगी या किरोड़ीमल नगर में कांग्रेस उल्टी गंगा बहाते हुए वापसी करेगी।