
“गांव मोर, पानी मोर” अभियान के तहत ग्राम पंचायत एकताल में जल संरक्षण को लेकर क्लस्टर स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभ
पुसौर । जनपद पंचायत पुसौर के अंतर्गत ग्राम पंचायत एकताल में “गांव मोर, पानी मोर” अभियान के तहत क्लस्टर स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक गांव में जल संरक्षण के उपायों को अपनाना और ग्रामीणों को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना है, जिससे भविष्य में जल संकट की समस्या से बचा जा सके।

जागरूकता रैली और शपथ कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों में जागरूकता फैलाने हेतु एक रैली निकाली गई, जिसमें “एक ताल” मनरेगा के अधिकारी, कर्मचारी, रोजगार सहायक एवं सामाजिक संस्था “विहान” के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के पश्चात ग्रामवासियों को जल बचाने की शपथ भी दिलाई गई।

अधिकारियों की उपस्थिति और सहभागिता
इस अवसर पर जनपद पंचायत के अधिकारी आशीष भारती, श्री लक्ष्मी नारायण, श्री धर्मेंद्र कुमार, कविता सिन्हा, चंद्रभान कृष्ण, शीतला, सचिन (रोजगार सहायक) एवं विहान संस्था के कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण को ग्राम स्तर पर आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
जल संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल
“गांव मोर, पानी मोर” अभियान न केवल जल संसाधनों की रक्षा करने की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि यह समुदाय को जल संरक्षण की जिम्मेदारी से भी जोड़ता है। प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को वर्षा जल संचयन, घरेलू जल उपयोग में संयम और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन जैसे उपायों की जानकारी दी जा रही है।
