NH-43 पर कोहरे ने ली जान: दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, कई घायल

छत्तीसगढ़ में शुक्रवार सुबह गहरे कोहरे के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए, जिनमें कुल तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पहला हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग NH-43 के कमलपुर क्षेत्र में हुआ, जहाँ दो ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों के शव ट्रक में फंसे होने के कारण उन्हें निकालने के लिए क्रेन और रेस्क्यू टीम की मदद लेनी पड़ी। पुलिस के अनुसार, सुबह के समय घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने के कारण यह दुर्घटना हुई।

इधर, अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नवापारा अंमगसी मोड़ के पास एक दूसरा हादसा हुआ, जिसमें सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक जा टकराई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार ग्रामीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

लगातार हो रहे इन हादसों ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं और हेडलाइट/फॉग लाइट का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button