रायगढ़ में दो सड़क दुर्घटनाएं : पार्षद कुचलकर मृत, शिक्षक की कार हादसे में जान गई, चालक घायल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया। पहली घटना में भाजपा पार्षद की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दूसरी दुर्घटना में कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें शिक्षक की जान चली गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली भाजपा पार्षद की जान

पहला हादसा भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के कुशवाबहरी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, किरोड़ीमल नगर निवासी और वार्ड क्रमांक 6 के भाजपा पार्षद नंदकुमार यादव (54) बुधवार शाम किसी काम से नहरपाली की ओर गए थे। वापसी के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पार्षद का सिर ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

खड़ी ट्रक से टकराई कार, डिवाइडर से भिड़ी—शिक्षक की मौत, चालक घायल

दूसरी दुर्घटना खरसिया थाना क्षेत्र के पतरापाली के पास NH-49 पर हुई। ग्राम गुरदा निवासी और कुशवाबहरी में पदस्थ शिक्षक विरेंद्र सिंह राठिया अपने साथी विक्रम महंत के साथ कार से रायगढ़ की ओर जा रहे थे। कार को विक्रम चला रहा था।

यात्रा के दौरान कार सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से टकरा गई और फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही शिक्षक विरेन्द्र सिंह की मौत हो गई, जबकि चालक विक्रम महंत गंभीर रूप से घायल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button