रायगढ़ को आधुनिक शहर बनाने की दिशा में तेज़ कदम

जनसुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विस्तार पर लगातार काम – वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
[img-slider id="274450"]

शहर के विभिन्न वार्डों में 1.85 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत

रायगढ़, 3 जनवरी 2026/
रायगढ़ को सुव्यवस्थित, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने के लिए सरकार सुनियोजित रणनीति के साथ निरंतर कार्य कर रही है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाना है।

वित्त मंत्री आज शहर के विभिन्न वार्डों में 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।


छेरछेरा पर्व की शुभकामनाओं के साथ विकास का संदेश

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व छेरछेरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में अब विकास की नई पहचान बन रही है। पहले जहां शहर में केवल एक प्रमुख उद्यान था, वहीं आगामी पांच वर्षों में 10 बड़े गार्डनों की श्रृंखला विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।


ऑक्सीजोन, गार्डन और ओपन जिम से बदलेगी शहर की जीवनशैली

शहर के हृदय स्थल इतवारी बाजार में 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑक्सीजोन का निर्माण तेज़ी से चल रहा है। इसके अलावा किसान राइस मिल क्षेत्र में 13 करोड़, राजीव नगर दुग्ध डेयरी के पास 4 करोड़ रुपये की लागत से बड़े गार्डन विकसित किए जा रहे हैं।
कोसाबाड़ी बस डिपो, कयाघाट और खर्रा घाट में भी नए गार्डन निर्माण की योजना पर काम जारी है। नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में लगभग 20 ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे।


यातायात सुधार के लिए 400 करोड़ की रिंग रोड

वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड परियोजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है।
इसके साथ ही कोतरा रोड थाना चौक से ढिमरापुर, मेडिकल कॉलेज रोड, महापल्ली मार्ग और ढिमरापुर से जिंदल तक फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
चांदनी चौक, राजमहल चौक, इंदिरा नगर, कयाघाट और मेडिकल कॉलेज चौक जैसे प्रमुख स्थानों का एक साथ सौंदर्यीकरण और विकास किया जाएगा।


वार्ड स्तर तक पहुंचे विकास का लाभ

श्री चौधरी ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ वार्ड स्तर पर भी छोटे लेकिन जरूरी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ शहर के हर नागरिक तक पहुंचे।
पंजरी प्लांट क्षेत्र में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। वहीं क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 1.5 लाख रुपये की राशि स्वेच्छानुदान से स्वीकृत की गई है।


शिक्षा और युवाओं के लिए बड़े निवेश

वित्त मंत्री ने बताया कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए 40 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण अंतिम चरण में है। यह परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र बनेगा।
इसके साथ ही फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्रयास विद्यालय, कला एवं संगीत महाविद्यालय और हार्टीकल्चर कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।
गढ़उमरिया में बालिकाओं के लिए स्थापित ‘नव गुरुकुल’ में दो वर्षों का पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षण पश्चात वे 40 हजार रुपये से अधिक मासिक आय अर्जित करने में सक्षम होंगी।


महापौर ने भी गिनाई विकास उपलब्धियां

महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ आम जनता से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।


इन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास

शहर के वार्ड क्रमांक 01 से 27 तक सी.सी. सड़क, आरसीसी नाली, सामुदायिक भवन, शेड निर्माण जैसे अनेक कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें लोचन नगर, पुलिस लाइन कॉलोनी, गांजा चौक, नाईपारा, अंबेडकर आवास क्षेत्र सहित कई मोहल्लों के विकास कार्य शामिल हैं।


कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button