
रायगढ़ । जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत हुकराडीपा–मिलूपारा रोड पर शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जिंदल स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आए बाइक सवार युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर करीब पांच घंटे तक चक्काजाम किया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
ड्यूटी जाते वक्त हुआ हादसा, ट्रेलर ने पीछे से मारी टक्कर
मृतक की पहचान निरंजन सेठ उर्फ गोल्डी (27 वर्ष) निवासी ग्राम लिबरा, थाना तमनार के रूप में हुई है। वह अनुप रोड कैरियर ट्रांसपोर्ट में कार्यरत था। शनिवार सुबह वह बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। दोपहर करीब 12 बजे जिंदल स्कूल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उसे कुचल दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद उबाल, शव रखकर चक्काजाम
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों को सूचना देने के बाद ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मार्ग परिवर्तित करना पड़ा।
कोल ट्रांसपोर्ट पर नियंत्रण की मांग
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें थीं कि
कोल ट्रांसपोर्ट ट्रेलरों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए
स्पीड लिमिट और संचालन का समय तय किया जाए
स्कूल और आबादी क्षेत्र में भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए
मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए
ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल के पास से तेज रफ्तार ट्रेलर गुजरना बच्चों और आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बन चुका है।
प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम
सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। बाद में घरघोड़ा एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। काफी समझाइश के बाद जिला प्रशासन ने तात्कालिक सहायता राशि देने और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब 5 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।
रविवार को होगा पोस्टमार्टम
जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को अस्पताल भिजवाया। रविवार को मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।




