केन्द्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव


केन्द्रीय बजट ऐतिहासिक व स्वागतेय, समावेशी विकास को समर्पित बजट – किरण सिंह देव

‘”सबका साथ – सबका विकास” को पूर्णतः परिभाषित करता है केन्द्रीय बजट – कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप

सर्वस्पर्शी केन्द्रीय बजट में हर वर्ग के लिये समान अवसर और विकास के लिये प्रावधान शामिल – केदार कश्यप

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संसद में प्रस्तुत केन्द्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुये कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश केन्द्रीय बजट ऐतिहासिक है। इस विकासमुखी बजट में ऐसे सभी प्रावधानों को समाहित किया गया है, जिसकी अपेक्षा जनता करती है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है, जिसमें समावेशी विकास पर जोर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने केन्द्रीय बजट को सर्वस्पर्शी बताते हुये कहा कि प्रस्तुत केन्द्रीय बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। राष्ट्र की विकास की गति निरंतर आगे बढ़ती रहे, इस आधार को मज़बूत रुप देने बजट में प्रावधान समाहित है।

भाजपा जिला कार्यालय में आज रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने पत्र वार्ता को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने बजट प्रस्ताव के प्रावधानों की चर्चा करते हुए कहा कि इस बजट में सरकार ने मुख्य रूप से कर सुधारों, विनिर्माण  और तकनीक पर जोर दिया है। मध्यम वर्ग के लिए व्यक्तिगत आयकर स्लैब में बदलाव कर नई आयकर व्यवस्था को और अधिक आकर्षिक बनाने पर जोर दिया गया है।

12 लाख रूपए तक की सालाना आमदनी पर अब कोई कर नहीं लगेगा। वेतनभोगी कर्मचारियों की मानक कटौती की सीमा बढ़ाकर 75 हजार रूपए करने का प्रस्ताव भी स्वागतेय है। उसी प्रकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए कर कटौती की सीमा दुगुनी कर 1 लाख रूपए कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि लिथियम आयरन बैटरी समेत 12 महत्वपूर्ण खनिजों पर सीमा शुल्क समाप्त किए जाने से ईवी औ इलेक्ट्रानिक्स सस्ते होंगे। राज्यों को बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रूपए का 50 साल तक के लिए पूर्व घोषित ब्याज मुक्त ऋण जारी रखा जाएगा।

छत्तीसगढ़ के लिए बजट में किए गए प्रावधानों का जिक्र करते हुए कहा कि केन्द्रीय बजट 2026-27 में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कई रणनीतिक प्रावधान किए गए हैं। चूँकि छत्तीसगढ़ एक खनिज संपन्न और जनजातीय बहुल राज्य है, इसलिए केंद्र सरकार का ध्यान यहाँ की कनेक्टिविटी, जनजातीय कल्याण और औद्योगिक विकास पर केंद्रित है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करते हुये धन्यवाद ज्ञापित किया।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केन्द्रीय बजट में समाज के विभिन्न वर्गों महिलाओं, युवाओं और वंचित समुदायों के लिये व्यापक नीतियां और वित्तीय आबंटन का प्रावधान है। सबका साथ सबका विकास के नारे को परिभाषित किया गया है। केन्द्रीय बजट में नारी शक्ति को आर्थिक विकास का स्तंभ माना गया है। स्व सहायता समूहों की तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। एक करोड़ युवाओं को शीर्ष पांच सौ कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करने का विस्तार किया गया है, जिसमें पांच हजार रुपये मासिक भत्ता शामिल हैं। युवा उद्यमी को अपना व्यवसाय बढ़ाने के सरल प्रावधान लाये गये हैं।

कैबिनेट मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना नौवां केन्द्रीय बजट प्रस्तुत किया है, यह क्षण ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 में विकसित भारत का स्वप्न पूरा करने का लक्ष्य लेकर सभी को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। मौजूदा केन्द्रीय बजट प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने की ओर महत्वपूर्ण कदम है।

पत्र वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व विधायक डा. सुभाऊ कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, सुधीर पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, आर्येन्द्र आर्य, रजनीश पाणिग्रही, परीस बेसरा, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button