
कटनी / जबलपुर — भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल के तहत सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड झिंझरी, कटनी (म.प्र.) में आयोजित होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों से चयनित महिला अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी।
कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में सफल अभ्यर्थियों को मिलेगा रैली में अवसर
महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत भारतीय सेना द्वारा 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में सफल घोषित महिला उम्मीदवारों को ही भर्ती रैली में शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य चयन प्रक्रियाओं में सम्मिलित किया जाएगा।
शारीरिक जांच के बाद होगा अंतिम चयन
भर्ती रैली के दौरान शारीरिक दक्षता और दस्तावेज सत्यापन में सफल पाई गई महिला अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में कराई जाएगी। चिकित्सकीय रूप से पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने पर ही उम्मीदवारों का अंतिम चयन सुनिश्चित किया जाएगा।
एडमिट कार्ड जारी, आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
भर्ती रैली में भाग लेने वाली सभी योग्य महिला अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही एडमिट कार्ड उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी भेजे गए हैं।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रैली स्थल पर एडमिट कार्ड, सभी मूल शैक्षणिक एवं पहचान संबंधी दस्तावेज, तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से साथ लेकर पहुंचें।
छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए देश सेवा का सुनहरा अवसर
महिला सेना पुलिस भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवतियों के लिए अनुशासन, सम्मान और देशसेवा के क्षेत्र में करियर बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। बड़ी संख्या में चयनित महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी से यह आयोजन न केवल राज्य बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर भी विशेष महत्व रखता है।




