
छत्तीसगढ़ की सड़कों पर सोमवार की रात एक श्रद्धालुओं के लिए मातम में बदल गई।
रायगढ़ से बाबा विश्वनाथ की नगरी बनारस जा रही बस को गंगापुर के पास एक बेकाबू ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा भिड़ी।
इस भीषण हादसे में 15 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एक यात्री ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सभी घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, और कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
चश्मदीदों के अनुसार, रात के सन्नाटे में टक्कर की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास के लोग सहम गए। बस के पेड़ से टकराते ही भीतर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत की।
प्रारंभिक जांच में ट्रक की अधिक रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है।




