अदाणी फाउंडेशन की खेल पहल से रायगढ़ के ग्रामीण युवाओं को नई उड़ान, क्रिकेट किट से लेकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक मिला संबल

रायगढ़, 4 फरवरी 2026 । अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ की सामाजिक उत्तरदायित्व इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संयंत्र परिधीय एवं रेल परियोजना से जुड़े गांवों में ग्राम स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विभिन्न गांवों की क्रिकेट टीमों को बैट, बॉल, स्टंप, जर्सी सहित संपूर्ण क्रिकेट किट प्रदान की गई, साथ ही प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए टेंट सामग्री का भी सहयोग दिया गया।

ग्रामीण युवाओं में दिखा उत्साह, 500 से अधिक खिलाड़ी लाभान्वित

इस पहल से बड़ेभंडार, सरवानी, अमलीभौना, बरपाली, गेजामुड़ा, कुरमापाली, काशीचुवा सहित कई गांवों में खेल गतिविधियों को नई गति मिली है। स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन आसान हुआ है और युवाओं में क्रिकेट के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा है। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, इस सहयोग से ग्रामीण टीमें अब बड़े टूर्नामेंट भी बेहतर तैयारी के साथ आयोजित कर पा रही हैं। इस कार्यक्रम से लगभग 500 से अधिक युवा खिलाड़ी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।

जनप्रतिनिधियों ने सराहा प्रयास

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से ओमप्रकाश गुप्ता (सरपंच–बड़ेभंडार), संजय मैत्री (सरपंच–बरपाली), ओशराम सिदार (अमलीभौना), अशोक सिदार (सरपंच–छोटेभंडार), योगेश चौहान (युवा नेता), फणीन्द्र सिदार (सरवानी), दिनेश पटेल (सरपंच–गेजामुड़ा) और राम भगत निषाद (सरपंच–काशीचुवा) सहित अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल को ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।

पुसौर ब्लॉक क्रिकेट प्रतियोगिता को भी मिला सहयोग

अदाणी फाउंडेशन द्वारा पुसौर विकासखंड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता को भी सहयोग प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुँचने वाली दोनों टीमों को जर्सी और खेल सामग्री दी गई, साथ ही आयोजन हेतु आवश्यक टेंट सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

गर्ल्स कबड्डी प्रशिक्षण से ग्रामीण बेटियों ने रचा इतिहास

अदाणी फाउंडेशन, रायगढ़ द्वारा पिछले तीन वर्षों से संचालित गर्ल्स कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण बालिकाओं के लिए नई पहचान बन चुका है। अब तक 180 से अधिक स्कूली बालिकाएँ इस कार्यक्रम से प्रशिक्षित हो चुकी हैं।
बालिकाओं ने चक्रधर समारोह महिला कबड्डी टूर्नामेंट में वर्ष 2023-24 और 2024-25 में विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि 2024-25 में टीम उपविजेता रही। वहीं, वर्तमान वर्ष में घरघोड़ा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रायगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ने जशपुर को फाइनल में हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची प्रतिभाएँ

कार्यक्रम के तहत अब तक 33 बालिकाएँ राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हो चुकी हैं। ग्रामीण क्षेत्र की भूमिका सिदार, बीना सिदार और सान्या यादव का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन पूरे रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय बना है। यह उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि ग्रामीण बेटियों में उच्च स्तरीय खेल प्रतिभा मौजूद है, जिसे सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलते ही नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है।

बड़ेभंडार में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण

कबड्डी प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम बड़ेभंडार स्थित हाई स्कूल परिसर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। यहाँ खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाओं के साथ राष्ट्रीय स्तर के कोचों द्वारा नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button