जीवित मतदाताओं के नाम कटवाने की कथित साजिश, गैंदाटोला गांव के ग्रामीण थाने पहुँचे

छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गैंदाटोला में मतदाता सूची से जीवित और पात्र मतदाताओं के नाम फर्जी तरीके से कटवाने की कथित साजिश का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रभावित मतदाता थाना गैंदाटोला पहुँचे और थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

झूठी दावा-आपत्ति लगाकर नाम हटाने का आरोप

थाने में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम डुमरडीह निवासी ढाल दास साहू और ग्राम बड़गांव निवासी पुनउ राम चुरेंद्र द्वारा ग्राम गैंदाटोला के स्थायी, जीवित और पात्र मतदाताओं के नामों पर झूठी और भ्रामक दावा-आपत्तियां प्रस्तुत की गईं, ताकि उनके नाम मतदाता सूची से हटवाए जा सकें। शिकायतकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाला गंभीर कृत्य बताया है।

BLO ने दावा-आपत्तियों की पुष्टि की

ग्रामीणों के अनुसार, जब इस मामले में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से जानकारी ली गई, तो उन्होंने भी ऐसे दावा-आपत्ति आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की। जिन मतदाताओं के नामों पर आपत्ति लगाई गई है, वे सभी वर्तमान में जीवित हैं, ग्राम में निवासरत हैं और दस्तावेजों के माध्यम से अपना अस्तित्व प्रमाणित करने को तैयार हैं।

पंचनामा व दस्तावेजों के साथ थाने में शिकायत

ग्रामीणों ने पूरे मामले का पंचनामा तैयार कर आवश्यक दस्तावेजों सहित शिकायत थाने में प्रस्तुत की है। आवेदन में कहा गया है कि यह कृत्य न केवल मताधिकार पर हमला है, बल्कि भारतीय दंड संहिता और निर्वाचन कानूनों के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।

FIR और सख्त कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि झूठी दावा-आपत्ति लगाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए और ग्राम गैंदाटोला के मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो आम नागरिकों का लोकतांत्रिक व्यवस्था से विश्वास कमजोर हो सकता है।

पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

थाना प्रभारी ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

शिकायत में शामिल ग्रामीण

इस दौरान प्रकाश शर्मा, राजिल कुरैशी, नरेंद्र मानिकपुरी, मनोज कोचे, पन्नालाल देवांगन, उत्तम सोनी, चम्मन साहू, गोलू साहू, अजय साहू, अजीम खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और प्रभावित मतदाता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button