मोहरा एनीकट में डूबे दो नाबालिग छात्रों के शव बरामद, जिले में शोक


सूरजपुर। जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में नहाने के दौरान डूबे दो नाबालिग छात्रों के शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने बरामद कर लिए। रविवार दोपहर से चला आ रहा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 20 घंटे बाद सफल हुआ। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

दोस्तों के साथ घूमने गए थे छात्र

मिली जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष) और जयनगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष) रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ मोहरा एनीकट घूमने पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान दोनों नहाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने से वे डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल को सूचना दी गई।

शब-ए-बारात के लिए घर आया था आदिल

12 वर्षीय आदिल अंसारी मनेंद्रगढ़ में अपने नाना-नानी के पास रहकर मदरसे में तालीम ले रहा था। वह शब-ए-बारात के अवसर पर अपने माता-पिता के पास गांव आया हुआ था। वहीं, अयान सद्दाम कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था।

सोमवार सुबह मिली सफलता

सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। रविवार देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शव बरामद किए गए।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर एनीकट और जलाशयों के पास सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button