
धमाकों से दहला इंडस्ट्रियल एरिया, दो और मजदूरों के फंसे होने की आशंका; प्रशासन ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने दिल दहला दिया। हादसे में कम से कम आठ मजदूरों के जिंदा जलने की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य के फैक्ट्री के भीतर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय परिसर में करीब 25 मजदूर मौजूद थे।
आग की सूचना मिलते ही आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर व कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर भागे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री किराये पर संचालित की जा रही थी, जहां कथित रूप से गैर-कानूनी तरीके से पटाखे बनाने का काम चल रहा था।
बारूद में धमाके के बाद भड़की आग, कई विस्फोटों से फैली दहशत
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री के अंदर रखे बारूद और भारी मात्रा में जमा कार्डबोर्ड में तेज धमाके के बाद आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन से चार जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
एहतियातन आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया गया और बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल की टीमों ने आग पर काबू पाया, हालांकि कूलिंग ऑपरेशन देर तक जारी रहा।
प्रशासन अलर्ट, सात शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी
भिवाड़ी की अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा मिश्रा ने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी ने फैक्ट्री में आग देखी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासनिक टीमों को सक्रिय किया गया। आधा दर्जन फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। दो अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।
कई महीनों से बंद बताई जा रही थी फैक्ट्री
फायर स्टेशन इंचार्ज राजू खान के अनुसार, इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर G-1, 118 पर स्थित यह फैक्ट्री कई महीनों से बंद पड़ी थी। परिसर में बड़ी मात्रा में कार्डबोर्ड का स्टॉक रखा हुआ था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री से धुआं उठता देखा गया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अवैध रूप से संचालित इकाइयों की जांच की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।




