ग्रामीणों को 125 दिन रोजगार की गारंटी, ‘जीरामजी’ मिशन बनेगा आत्मनिर्भरता की नई राह : दिनेश गांधी

छुरिया। छुरिया विकासखंड मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी खुज्जी विधानसभा स्तरीय “वी बी जीरामजी” कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी, सहवक्ता जिला भाजपा महामंत्री डिकेश साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविंद्र वैष्णव, जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष अजय पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए दिनेश गांधी ने कहा कि संसद द्वारा पारित “विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (जीरामजी)” ग्रामीण परिवेश में जीवनयापन करने वाले लोगों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब 100 दिन के स्थान पर 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यदि किसी कारणवश रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाता है तो हितग्राहियों को स्वतः बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी किया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविंद्र वैष्णव ने कहा कि अब विकास कार्यों की योजना ग्राम सभा में ही तय की जाएगी और ऊपर से कोई भी कार्य थोपा नहीं जाएगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य होंगे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि योजना के अंतर्गत जल सुरक्षा एवं संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास तथा आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “जीरामजी” योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे दूसरों पर निर्भर न रहें। गांव की महिलाएं सिलाई, मशरूम उत्पादन, दोना-पत्तल मशीन जैसे कार्यों के माध्यम से स्वावलंबी बन सकेंगी।
कार्यक्रम में गोपाल भुवार्य, मीना पुजेरी, बीरम मंडावी, राधेश्याम शर्मा, शीशपाल साहू, कांता प्रसाद साहू, खिलेश्वर साहू, हृदय देवांगन, भेष बाई साहू, दीनदयाल साहू, अमीर खान, सुंदर साहू, पलनी स्वामी नायडू, राजेश्वर ध्रुवे, धन्ना यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button