रायगढ़: मेडिकल कॉलेज कैंपस में 12वीं की छात्रा की गिरने से मौत, जांच शुरू

रायगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेज कैंपस में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। कक्षा 12वीं की 16 वर्षीय छात्रा की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिलासपुर जिले के गनियारी निवासी राजेश सर्वे, जो मेडिकल कॉलेज रायगढ़ के डीन कार्यालय में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ हैं, परिवार सहित कॉलेज कैंपस के टाइप-6 आवास के तीसरे फ्लोर पर रहते हैं।

उनकी पुत्री अनन्या सर्वे (16 वर्ष) शहर के एक निजी विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा थी और परीक्षा की तैयारी में जुटी हुई थी। बताया गया कि वह देर रात तक पढ़ाई करती थी।

मंगलवार रात भी पढ़ाई के बाद वह सो गई थी और सुबह जल्दी उठकर रोज की तरह छत पर टहलने गई। इसी दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। सुबह करीब 6 बजे गिरने की आवाज सुनकर कॉलोनीवासियों ने देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ी थी।

परिजनों द्वारा तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक आशंका

बताया जा रहा है कि छत की रेलिंग की ऊंचाई कम है। आशंका जताई जा रही है कि संभवतः संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

अस्पताल से भेजी गई तहरीर के आधार पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।

कॉलेज कैंपस में शोक

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज कैंपस में शोक का माहौल है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि परीक्षा नजदीक होने से विद्यार्थियों पर पढ़ाई का दबाव रहता है। अनन्या भी पढ़ाई को लेकर गंभीर थी और नियमित रूप से तैयारी कर रही थी।

पहले भी हुई थी घटना

जानकारी के अनुसार, इसी बिल्डिंग से करीब सात वर्ष पूर्व भी एक बुजुर्ग महिला के गिरने से मौत हो चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button