रणवीर सिंह को 10 करोड़ की फिरौती और जान से मारने की धमकी, मुंबई क्राइम ब्रांच ने किया खुलासा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, धमकी भरा वॉयस नोट अमेरिका के एक नंबर से भेजा गया था। पुलिस का अनुमान है कि यह धमकी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी है। वॉयस नोट में अभिनेता और उनके स्टाफ को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई थी।

हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया

जांच में पता चला कि धमकी देने वाला शख्स गैंग का सक्रिय सदस्य हैरी बॉक्सर है। अभिनेता के मैनेजर के व्हाट्सएप पर आए वॉयस नोट की आवाज का मिलान कर इसे हैरी बॉक्सर से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमेरिका स्थित नंबर की लोकेशन और उसके इस्तेमाल से संबंधित जानकारी जुटा रही है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत अमेरिकी एजेंसियों से संपर्क किया गया है।

अमेरिका के नंबर से भेजा गया वॉयस नोट

पुलिस ने पुष्टि की है कि वॉयस नोट अमेरिकी नंबर से आया था। इसमें 10 करोड़ रुपये की मांग और चेतावनी दी गई कि रकम न देने पर गंभीर परिणाम होंगे। जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि नंबर वास्तविक था या किसी इंटरनेट कॉलिंग ऐप के जरिए इस्तेमाल किया गया।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की घटना के बाद अभिनेता को पहली धमकी मिली। 13 फरवरी को दोबारा वॉयस नोट भेजकर धमकी दी गई, जिसमें अभिनेता और उनके स्टाफ की गतिविधियों पर नजर रखने और परिवार तक को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई।

पुलिस की कार्रवाई तेज

मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर तकनीकी और साइबर जांच शुरू कर दी है। अभिनेता और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button