
रायपुर, 24 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए जाने वाले राज्य बजट को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन में प्रस्तुत होने जा रहा यह सरकार का तीसरा बजट विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सरकार के विजन को नई मजबूती देगा। उन्होंने इसे समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला बजट बताया।
साथ ही मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प को ध्यान में रखते हुए, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वित्त वर्ष 2026-27 का यह बजट “सुशासन से समृद्धि” मॉडल को मजबूत आधार प्रदान करेगा और राज्य के बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास को नई दिशा देगा।
सीएम साय ने कहा, “यह बजट प्रदेश के आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रगति और समृद्धि के नए दौर में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त करेगा। छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला इस बजट के माध्यम से रखी जाएगी।”




