
रायपुर। Raipur की राजधानी में ठगी के दो अलग-अलग और बड़े मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाएं सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हैं। मामलों की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन की नीलामी के नाम पर 57 लाख की ठगी
पहले मामले में सस्ती जमीन की नीलामी के नाम पर 57 लाख 40 हजार 900 रुपये की ठगी की गई है। आरोप है कि 18 मई 2022 को पीड़ित को रजिस्ट्री ऑफिस ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री भी करवाई गई, लेकिन इसके बाद भी जमीन का कब्जा नहीं दिया गया।
पीड़ित ने इस मामले में नेक्सान सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दस्तावेजों और लेन-देन की जांच शुरू कर दी है।
आरक्षक की पत्नी से ऑनलाइन ठगी
दूसरा मामला भी सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां एक पुलिस आरक्षक की पत्नी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गईं। आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन मार्केटिंग में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया।
पीड़िता ने पोस्ट ऑफिस और एसबीआई खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख 89 हजार रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब इसकी जानकारी उनके पति, आरक्षक मुकेश कुमार साहू (वर्तमान में सिविल लाइन में पीएसओ ड्यूटी में पदस्थ) को हुई, तो उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और साइबर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीद-फरोख्त या ऑनलाइन निवेश से पहले दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें और किसी भी लालच भरे प्रस्ताव से सतर्क रहें।




