जेपीएल तमनार ऐश डाइक क्षेत्र के ग्रामों के विकास में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका

डाइक से उड़ने वाली ऐश से ग्रामीणों की कठिनाइयों के प्रति संस्थान संवेदनशील

तमनार। जिंदल पावर लिमिटेड तमनार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति सदैव समर्पित रहा है। क्षेत्र में निवासरत आम जनमानस के हितों को प्राथमिकता देते हुए संस्थान उनके समग्र विकास एवं समस्याओं के निराकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में जिंदल पावर लिमिटेड ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धताओं को दोहराते हुए ऐश डाइक क्षेत्र में स्थित ग्रामों के निवासियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया है।

संस्थान का उद्देश्य केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित न रहकर सामाजिक, शैक्षणिक एवं पर्यावरणीय विकास को भी समान रूप से सुनिश्चित करना है। विगत दिनों ऐश डाइक क्षेत्र के किसानों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा संस्थान के उच्च प्रबंधन को डाइक से उड़ने वाली ऐश/डस्ट के कारण उत्पन्न कठिनाइयों से अवगत कराया गया था। उक्त विषय को गंभीरता से लेते हुए संस्थान द्वारा डस्ट नियंत्रण हेतु अनेक प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए गए हैं।

संस्थान द्वारा संपूर्ण ऐश डाइक में पानी भरकर रखा गया है। डाइक के चारों ओर 20 मीटर के दायरे में घास एवं विभिन्न प्रकार के छोटे पौधों का रोपण किया गया है, जिससे आंधी-तूफान के दौरान निकटवर्ती ग्रामों में धूल उड़ने की संभावना न्यूनतम रहे। इसके अतिरिक्त पूरे डाइक क्षेत्र में स्प्रिंकलर एवं वाटरगन का उपयोग कर डस्ट को नियंत्रित किया जा रहा है।

डाइक की सतह पर मिट्टी डाली गई है तथा डाइक क्षेत्र से गुजरने वाली सड़कों एवं ऐश खुदाई वाले स्थानों पर पानी टैंकरों द्वारा नियमित रूप से जल छिड़काव किया जाता है। ऐश परिवहन के दौरान ट्रकों को तिरपाल से ढककर परिवहन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि क्षेत्रीय रहवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

ऐश डाइक क्षेत्र के ग्राम कुंजेमुरा, उत्तर रेगांव, दक्षिण रेगांव, पाटा एवं बांधापाली के एक किलोमीटर के दायरे में 4 से 5 मीटर ऊँचाई तक ग्रीन नेट से वैकल्पिक अहाता निर्माण किया गया है, जिससे चिन्हित ग्रामों में डस्ट का प्रवेश रोका जा सके। साथ ही नियमित रूप से हौज पाइप द्वारा भी जल छिड़काव किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि ये सभी कार्य प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय श्रमिकों द्वारा संपादित किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें रोजगार एवं पारिश्रमिक प्राप्त हो रहा है और उनका आर्थिक उन्नयन भी सुनिश्चित हो रहा है।

जेपीएल तमनार प्रबंधन पुनः यह स्पष्ट करता है कि ऐश डाइक क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं हरित विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा महिलाओं के स्वावलंबन हेतु विशेष पहल की जाएगी।

संस्थान पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए वृक्षारोपण, धूल नियंत्रण एवं जल संरक्षण जैसे उपायों को और अधिक सुदृढ़ करेगा, जिससे क्षेत्र का संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button