रायपुर के खाद्य व्यापारी से 75 लाख की ठगी का आरोप, भोपाल के कारोबारी पर FIR की मांग



छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा क्षेत्र निवासी खाद्य व्यापारी अमृत लाल बिलथरे ने भोपाल के कारोबारी सैय्यद इरशाद पर 75 लाख रुपये की ठगी, धोखाधड़ी और विश्वास भंग का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस आयुक्त रायपुर और सरस्वती नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा

जानकारी के अनुसार, “सात्विक एग्रो फूड प्रोडक्ट्स” के संचालक अमृत लाल बिलथरे की मुलाकात उनके पड़ोसी के माध्यम से भोपाल निवासी सैय्यद इरशाद से हुई थी। आरोपी ने खुद को फलों और खाद्य पदार्थों का बड़ा कारोबारी बताते हुए निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया।

पीड़ित का आरोप है कि जुलाई 2022 से वर्ष 2026 के बीच उन्होंने अलग-अलग किश्तों में नगद और बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 75 लाख रुपये निवेश किए। लेकिन निवेश के बाद न तो उन्हें किसी प्रकार का मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।

दबाव बनाने पर आरोपी ने 31 लाख रुपये का एक चेक दिया, जो संबंधित बैंक खाता पहले से बंद होने के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।

सुनियोजित साजिश का आरोप

अमृत लाल बिलथरे का कहना है कि यह पूरा मामला एक सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया, जिसमें झूठे वादों के जरिए उनका विश्वास जीतकर बड़ी रकम हड़प ली गई।

पीड़ित व्यापारी ने 27 फरवरी 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय और सरस्वती नगर थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button