
नई दिल्ली। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान जल्द ही भारतीय टीम के बॉलिंग कोच बन सकते हैं। 14 साल तक भारतीय टीम की सेवा कर चुके जहीर ने अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को खौफ में रखा और 2011 के वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बनाया।
युवा गेंदबाजों को मिलेगा नया मार्गदर्शन
बीसीसीआई ने तेज गेंदबाजों की अगली पीढ़ी को तैयार करने के लिए जहीर खान को संभावित कोच के रूप में देखा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक जहीर मार्च के पहले सप्ताह में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेंगे।
बीसीसीआई ने 9 फरवरी को बेंगलुरु के CoE के लिए तेज गेंदबाजी कोच के आवेदन मांगे थे। इससे पहले ट्रॉय कूली का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो चुका था। बोर्ड जहीर को इस जिम्मेदारी सौंपने की योजना बना रहा है, क्योंकि वह क्रिकेट के मैदान और मेंटरिंग दोनों में अनुभव रखते हैं।
अनुभव और कोचिंग का मिश्रण
जहीर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़े रहते हुए युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया है। इसके अलावा वह दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के लिए भी कोच और मेंटॉर के रूप में कार्य कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार जहीर को कोचिंग में गहरी रुचि है और वह युवा क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को निखारने के लिए उत्सुक हैं।
बीसीसीआई की यह पहल भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी को और मजबूत बनाने और युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




