
रायगढ़, 10 मार्च। जिले में अवैध कबाड़ परिवहन पर कार्रवाई करते हुए खरसिया पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मारुति फ्रोंक्स कार में अवैध लोहे का स्क्रैप लेकर जा रहा था। पुलिस ने वाहन सहित करीब 190 किलो स्क्रैप जब्त किया है।
मुखबिर सूचना पर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 8 मार्च की शाम चौकी खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में अवैध स्क्रैप ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने पुलिस टीम को अलर्ट कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर संदिग्ध मारुति फ्रोंक्स कार (CG 13 BB 2808) को रोककर जांच की।
190 किलो स्क्रैप और कार जब्त
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कार के भीतर लोहे का स्क्रैप मिला। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राजू अग्रवाल (47 वर्ष), निवासी छपरीगंज खरसिया बताया।
पुलिस द्वारा स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में:
- लगभग 190 किलो लोहे का स्क्रैप (कीमत करीब 6,650 रुपये)
- परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रोंक्स कार (लगभग 4 लाख रुपये)
को जब्त कर लिया गया।
मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
गवाहों को धमकाने पर अलग से गिरफ्तारी
कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गवाहों पर “मुखबिरी” करने का आरोप लगाते हुए उनसे विवाद किया और मारपीट की धमकी देने लगा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत भी पृथक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में:
- निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी
- एएसआई उदय सिदार
- प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी
- आरक्षक साविल चंद्रा
- आरक्षक डमरूधर पटेल
की अहम भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




