रायगढ़। एनएसयूआई रायगढ़ जिला इकाई द्वारा मंगलवार को छात्र अधिकार रैली निकाली गई। हजारों की संख्या में छात्र-युवा इतवारी बाजार में एकत्र हुए और वहां से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया। यह रैली छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग को लेकर आयोजित की गई थी।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दो स्थानों पर बैरिकेड लगाए थे, लेकिन एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास करते हुए बैरिकेड तोड़ दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। पानी की बौछारों के बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे और नारेबाजी करते रहे।
आंदोलन के दौरान पुलिस ने एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन, युवा कांग्रेस नेता अनमोल अग्रवाल और यूनिवर्सिटी एनएसयूआई अध्यक्ष शाकिब अनवर सहित 25 से अधिक कार्यकर्ताओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही प्रदर्शन स्थल पर माहौल और गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्रों के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव राकेश पांडे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नागेंद्र नेगी, जयंत ठेठवार, संजय देवांगन, अनिल अग्रवाल चीकू, दयाराम धुर्वे, संतोष वहीदार, विकास शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा, प्रभात साहू, बसंत दास, पंकज पटेल, संदीप अग्रवाल, आशीष चौबे, रवि पांडे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष आशीष जायसवाल, ग्रामीण अध्यक्ष उस्मान बेग सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव राकेश पांडे ने कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए और छात्रों के साथ भेदभाव बंद होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई के कार्यक्रमों को रोका जा रहा है, जबकि एबीवीपी के कार्यक्रमों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
गिरफ्तारी से पहले एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन ने कलेक्ट्रेट के बाहर संबोधित करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर छात्रों की मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन का अगला चरण जिला बंद, उद्योगों का घेराव और अनशन होगा।
प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की मांगों को जल्द पूरा करने और गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की।
रायगढ़ में एनएसयूआई की छात्र अधिकार रैली, कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस से झूमाझटकी; वाटर कैनन का इस्तेमाल
Leave a Comment
Leave a Comment


