
सारंगढ़ बिलाईगढ़ में 22 मार्च को उल्लास महापरीक्षा, 8 हजार से अधिक शिक्षार्थी होंगे शामिल
सारंगढ़ बिलाईगढ़। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 22 मार्च 2026, रविवार को बड़े पैमाने पर उल्लास महापरीक्षा अभियान आयोजित किया जाएगा। इस महापरीक्षा का आयोजन डॉ. संजय कन्नौजे, कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
कलेक्टर ने सभी शिक्षार्थियों को महापरीक्षा में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुनिश्चित करें कि सभी शिक्षार्थी परीक्षा में भाग लें और कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन और उपाध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने सभी जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे महापरीक्षा के लिए गांव-गांव में उत्साहपूर्ण वातावरण का निर्माण करें। इसके लिए दीवारों पर नारा लेखन जैसे अभियान भी चलाए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव जोइधा राम डहरिया ने तीनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और ब्लॉक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर महापरीक्षा के समस्त परीक्षा केंद्रों में सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें शिक्षार्थियों तक सूचना पहुंचाना, बैगलेस डे पर स्कूली बच्चों द्वारा रैली, केंद्राध्यक्ष की नियुक्ति और अन्य प्रशासनिक तैयारियां शामिल हैं।
अधिकारियों ने शिक्षार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संकुल समन्वयकों और ग्राम प्रभारी प्रधान पाठकों से विशेष सहयोग की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, जिले में 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर व्यक्तियों का सर्वे कर चिन्हांकन किया गया है। इन व्यक्तियों को स्वयंसेवी शिक्षकों के माध्यम से 200 घंटे की पढ़ाई कराई जा रही है। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षार्थियों को बुनियादी साक्षरता, संख्यात्मक ज्ञान, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता और कानूनी एवं चुनावी जीवन कौशल जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जा रही हैं।
इस महापरीक्षा में जिले भर से लगभग 8 हजार से अधिक शिक्षार्थी शामिल होंगे, जिससे साक्षरता कार्यक्रम को और मजबूती मिलेगी और जिले के लोगों में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
