आबकारी आरक्षक भर्ती: 200 पदों के लिए चयन सूची जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक के 200 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम पहले ही जारी किया जा चुका था, जिसके आधार पर अब अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2025 को आयोजित लिखित परीक्षा का अंतिम उत्तर एवं परिणाम 19 सितंबर 2025 को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया था। इसके बाद विभाग को प्राप्त मेरिट सूची के आधार पर वर्गवार एवं प्रवर्गवार रिक्तियों के लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड परीक्षण के लिए बुलाया गया था।

सत्यापन प्रक्रिया के दौरान कई अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे या शारीरिक मापदंड में अपात्र पाए गए। ऐसे कुल 128 अभ्यर्थियों के नाम चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिए गए, जिसके लिए 12 मार्च 2026 को विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया था।

इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 200 पदों के विरुद्ध 200 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। साथ ही 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक (वेटिंग) सूची भी जारी की गई है, ताकि भविष्य में रिक्तियां होने पर उन्हें अवसर दिया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची विभागीय एवं मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए केवल दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को ही अंतिम रूप से चयनित किया गया है।

Back to top button