


महू। महू तहसील के बदगोंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लव जिहाद का मामला सामने आया है। आरोपित डा. सईद पुत्र गुलजार खान निवासी आम्बाचन्दन ने इलाज के दौरान महिला के अश्लील फोटो लिए थे और उस से ब्लैकमेल कर रविवार को फॉर्म हाउस पर बुलाया। जहां उसने पीड़िता से दुष्कर्म किया। देर रात बदगोंदा पुलिस ने आरोपित पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, जान से मारने की धमकी और दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह आरोपित डॉ सईद के गुर्जरखेड़ा के होली चौक स्थित क्लिनिक पर इलाज कराने गई थी। इलाज के दौरान आरोपित सईद ने पीड़िता को नशे का इंजेक्शन लगा कर उसके साथ गलत काम किया और फोटो वीडियो ले लिए। इसके बाद से उसे लगातार ब्लैक मेल कर रहा था और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देख रहा था।
रविवार को आरोपित डा सईद ने पीड़िता को बेलामोर फार्म हाउस बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता बाहर निकली तो उसे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मिले जिन्हें पीड़िता ने पूरा बात बताई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपित को पकड़ा और बदगोंदा थाने ले कर पहुंचे। जहां महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि शिकायत पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, दुष्कर्म और जान से मारने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित के आम्बाचन्दन स्थित घर पर तोड़फोड़ कर दी। साथ ही घर का कुछ सामान बाहर निकाल कर आग लगा दी। वहीं गुर्जरखेड़ा स्थित क्लिनिक व मेडिकल पर भी बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता जमा हो गए। कार्यकर्ताओ ने बंद क्लिनिक पर पर पत्थर फेंके और बोर्ड गिरा दिया।