
45 हेक्टेयर की खेती, 281 हेक्टेयर का बीमा—भाजपा राज में खुला भ्रष्टाचार का खेल
क्या यही विष्णु देव सरकार का सुशासन है? — चुम्मन साहू
छुरिया । छुरिया तहसील के ग्राम खोभा में सामने आए फर्जी चना फसल बीमा घोटाले को लेकर जिला कांग्रेस महामंत्री चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला है।
चुम्मन साहू ने कहा कि यह घोटाला नहीं, बल्कि भाजपा सरकार के संरक्षण में चल रहा संगठित लूट का खेल है। जहां जमीन पर केवल 45 हेक्टेयर में चना की खेती हुई, वहीं कागजों में 281 हेक्टेयर का बीमा दिखाकर सरकारी पैसे की बंदरबांट की गई। यह अंतर बताता है कि बिना ऊपर तक मिलीभगत के इतना बड़ा फर्जीवाड़ा संभव नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल में स्थानीय राजस्व अमला, संबंधित पटवारी, कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और बीमा कंपनी की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। बिना दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के इतने बड़े रकबे का बीमा होना प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की चुप्पी इस पूरे मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना रही है। सब कुछ सामने होने के बावजूद जांच तक शुरू नहीं होना साफ संकेत है कि भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम किया जा रहा है।
चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, “क्या यही विष्णु देव सरकार का सुशासन है?” जब किसानों के नाम पर घोटाले हो रहे हैं, सरकारी योजनाओं को लूट का जरिया बना दिया गया है और जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हैं, तो यह सुशासन नहीं बल्कि ‘भ्रष्टाचार का शासन’ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि ‘कागजी खेती’ के नाम पर चल रहा यह खेल किसी एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र में फैला एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह घोटाला और भी बड़े रूप में सामने आएगा।
कांग्रेस महामंत्री ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को तत्काल कार्रवाई किया जाए, संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया जाए और किसानों के नाम पर हुई इस लूट की भरपाई कराई जाए।
अंत में उन्होंने साफ कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर उग्र आंदोलन करेगी और सड़क से लेकर सदन तक भाजपा सरकार को घेरने का काम करेगी।
